बिहार, असम और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से 65 की मौत

हिन्दूकाल  17 जुलाई, 2019

  • केंद्र सरकार ने असम के लिए 251.55 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी की
  • उत्तर बिहार में बूढ़ी गंडक समेत छह नदियां और असम में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर
  • असम और बिहार में बाढ़ से 72 लाख लोग प्रभावित
  • बिहार, असम और उत्तर प्रदेश बाढ़ से बेहाल हैं। मंगलवार शाम तक बिहार के 16 जिलों में 34 और असम के 33 जिलों में 17 लोगों की मौत की खबर है। जबकि उत्तर प्रदेश में 14 लोग जान गंवा चुके हैं। असम और बिहार के 72 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, मौसम विभाग ने केरल में अगले 24 घंटों में 204 मिमी (करीब 20 सेमी) बारिश की चेतावनी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजन को 4 लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की।
    उत्तर बिहार में बूढ़ी गंडक समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर है। बिहार के दरभंगा में 2, मुजफ्फरपुर में 4, मोतिहारी में 1, सीतामढ़ी में 2, शिवहर में 8, मधुबनी में 6, पूर्णिया में 9 और कटिहार में 2 की मौत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुताबिक- 796 जवानों के साथ एनडीआरएफ की 26 टीमों ने अब तक 1.25 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
    ब्रह्मपुत्र का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
    मौसम विभाग ने असम में रेड अलर्ट जारी किया। 24 घंटों में भारी बारिश की आशंका है। केंद्र सरकार ने राहत और बचाव के लिए 251.55 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। राज्य में ब्रह्मपुत्र का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि राज्य के 4,157 गांवों के 42.87 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
    पंजाब के बठिंडा में 20 साल का रिकॉर्ड टूटा
    दक्षिण पश्चिम मानसून के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में सक्रिय होने से पंजाब के विभिन्न जिलों में पिछले 7 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को बठिंडा में 7 घंटे हुई लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए। सुबह 3 बजे से लेकर 10 बजे तक 178 एमएम बारिश हुई। पिछले 20 साल का रिकॉर्ड टूट गया। हिमाचल प्रदेश में हो रही बारिश का पानी हरियाणा के नदी-नालों में पहुंच गया है। हरियाणा में रविवार से मंगलवार तक औसतन 26 मिमी बारिश हुई है। इससे अंबाला शहर के कुछ इलाके पानी में डूबे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

बीओआई ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा साप्ताहिक क्लस्टर बैठक का आयोजन

तैयारी जीत की मिशन 2024

रेबिका बेलिलियस इंस्टीट्यूशन में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का कैरियर विकास कार्यक्रम