फिरहाद हकीम ने कालीघाट व अन्य फ्लाईओवरों का लिया जायजा



- अर्चना साव, कोलकाता, 20 सितम्बर 2018:
माझेरहाट फ्लाईओवर हादसे के बाद राज्य सरकार अन्य फ्लाईओवरों की सुरक्षा व रख-रखाव को लेकर सतर्क हो गई है। शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने गुरुवार को राजधानी कोलकाता के कई फ्लाईओवरों का जायजा लिया है। उनके साथ खड़गपुर आईआईटी के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम भी मौजूद थी। सबसे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निवास यानी कालीघाट के पास स्थित फ्लाईओवर का जायजा लिया। कोलकाता पुलिस के रिवर पेट्रोलिंग टीम की स्पीड बोट के जरिए उन्होंने नदी के दोनों तरफ बने इस फ्लाईओवर के नीचे से गुजरते हुए जायजा लिया है। वे गुरुवार दोपहर में यहां पहुंचे थे। उनके साथ मौजूद इंजीनियरों की टीम ने साफ कर दिया है कि पानी में प्रदूषण और देखरेख के अभाव की वजह से कालीघाट फ्लाईओवर की भी हालत बहुत अच्छी नहीं है। इसकी भी दीवारों और खंभों पर पेड़ उग गए हैं। नीचे से दीवार का कुछ हिस्सा टूट रहा है और कुछ पर इतनी अधिक काई जम गई है कि किसी भी समय टूट कर गिर सकता है। विशेषज्ञों ने साफ कर दिया है कि तीन दिनों के भीतर फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरू करना जरूरी है। इसके अलावा विशेषज्ञों की इस टीम के साथ उन्होंने ढाकुरिया ब्रिज,  विजन सेतु और अन्य फ्लाईओवरों का भी दौरा किया है। इन ब्रिजों की भी हालत बहुत अच्छी नहीं है। इस बारे में शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने बताया कि आईआईटी के इंजीनियरों की मदद से फ्लाईओवरों की वास्तविक हालत के बारे में जायजा लिया गया है। जिन चार फ्लाईओवरों की समीक्षा की गई हैं उनकी हालत बहुत अच्छी नहीं है। देखरेख की कमी और समय के साथ इसे और अधिक मजबूत बनाने और मरम्मत की जरूरत है। जल्द ही इनकी हालत दुरुस्त करने का काम शुरू होगा। फिरहाद ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने कुछ फ्लाईओवर का दौरा किया है। आने वाले समय में राज्य और कोलकाता के और अधिक फ्लाईओवर को घूम-घूम कर देखेंगे एवं जहां भी हालत अच्छी नहीं मिलेगी वहां तुरंत मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

बीओआई ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा साप्ताहिक क्लस्टर बैठक का आयोजन

तैयारी जीत की मिशन 2024

रेबिका बेलिलियस इंस्टीट्यूशन में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का कैरियर विकास कार्यक्रम