हावड़ा में ‘ब्रह्मोत्सव’ का भव्य आयोजन, ब्राह्मण छात्र-छात्राओं को सम्मान और छात्रवृत्ति

Spread the love

हावड़ा, 12 जुलाई 2026: हावड़ा के मंगलम महेश्वरी भवन में अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन की ओर से ‘ब्रह्मोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में सहयोग देना रहा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, शिक्षाविद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में महंत स्वामी अवधेशाचार्यजी महाराज ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में अनुशासन, संस्कार और निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

इस अवसर पर जगतदल के विधायक राजेश कुमार, फाउंडेशन के चीफ रतन शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार रिधाला, विधायक राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक अभिनाभ महर्षि, समाजसेवी सुरेश मिश्रा तथा दिनेश जोशी सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे सामाजिक अभियान जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद लेकर आते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पश्चिम बंगाल के संयोजक राकेश पारीक, राष्ट्रीय संयोजक चंद्र प्रकाश शर्मा तथा इवेंट ऑर्गेनाइजर पामुल कुमार जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान समाज के अनेक गणमान्य लोग और अभिभावक भी मौजूद रहे।

अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन ने बताया कि स्थापना से अब तक संस्था 502 ब्राह्मण छात्र-छात्राओं को कुल 35 लाख 69 हजार 900 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर चुकी है। फाउंडेशन का कहना है कि भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन देने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top