छठ घाट पर मिटती हैं जाति और अमीरी गरीबी की दीवारें, यही है सच्चा समाजवाद

सूर्योपासना का महापर्व छठ
मनुष्य ने पर्व को उत्सव बनाने के लिए प्रकृति और पर्यावरण का ही सहारा लिया है। हम सब जानते हैं कि सूरज से ही जीवन है। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा भी सूरज ही करता है। इसलिए कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी, पंचमी, षष्ठी एवं सप्तमी चार दिनों तक लगातार चलने वाला छठ पर्व भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी काफी धूमधाम से मनाया जाता है। सभी लोग घाट पर सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं और उनसे बहुत कुछ मांगते हैं क्योंकि पूरा जीवन देने वाला तो वही है। वह एकमात्र देवता है जिनकी डूबते समय भी पूजा होती है।
छठ पर्व सूर्योपासना का यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखण्ड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है। यह पर्व बिहार वासियों का सबसे बड़ा पर्व है। ये हमारी संस्कृति है। स्वच्छता का प्रतीक है। इन दिनों लोग अपने घर के प्रत्येक सामान की साफ सफाई करते हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थलों को भी साफ करते हैं। बिहार और आसपास के राज्यों में सूर्योपासना का पर्व छठ धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
छठ पर्व में भारतीय जीवन दर्शन भी समाहित है। यह समूचे विश्व को बताता है कि उगते हुए अर्थात उदीयमान सूर्य को तो संपूर्ण जगत प्रणाम करता है लेकिन हम तो उसी श्रद्धा और भक्ति के साथ ससम्मान डूबते हुए अर्थात अस्ताचलगामी सूर्य की भी उपासना और पूजा करते है। सूरज का समय अटल है। यह हमारे भारतीय समाज का आशावादी विश्वास है। जीवन में सुख दुख आते जाते रहते हैं। जो आज डूब रहा है, वह कल फिर उगेगा। यही संदेश छठ हमें देता है। इसलिए यह पर्व केवल पूजा नहीं है, यह जीवन जीने की कला है। यह हमें सिखाता है कि संकट में भी धैर्य न खोएं, अंधेरे के बाद फिर उजाला आएगा।
इतना ही नहीं इस पर्व में सभी जातियों का सहयोग लिया जाता है। डोम से दउरा सुपली, ग्वाला से दूध, माली से पान फूल, कुम्हार से मिट्टी के बर्तन आदि लेकर पूजा में शामिल किया जाता है। इसमें गन्ना, अदरक, नींबू, नारियल, लौंग, इलायची, मूली, मटर सहित कई फलों आदि से सूर्य को अरक दिया जाता है। इससे कई परिवारों की रोजी रोटी भी चलती है। सभी वर्ग आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होते हैं। छठ समाज को एक करने वाला व्रत है। यहां कोई छोटा बड़ा नहीं होता। प्रसाद बनाने से लेकर घाट सजाने तक सब एक साथ काम करते हैं। यही सामाजिक न्याय की सच्ची तस्वीर है, जिसे किताबों में पढ़ाया जाता है और छठ घाट पर देखा जाता है।
इस पर्व के समय प्रतिदिन नशा करने वाला शराबी भी शराब पीना छोड़ देता है। हालांकि आजकल बिहार में शराबबंदी है। खैनी खाकर जहां तहां थूकने के लिए बदनाम लोग भी अपने घर और आंगन के आसपास ही नहीं बहुत दूर दूर तक सड़क की भी साफ सफाई स्वयं करते हैं। जमींदार लोग जिनके यहां सफाई करने के लिए आदमी रखे जाते हैं, वह स्वयं अपने हाथों से सड़क की सफाई करते हैं और लोग यत्र तत्र थूकने से बचते है। यह बदलाव किसी कानून से नहीं, श्रद्धा से आता है। छठ के चार दिन समाज अपने आप अनुशासित हो जाता है। यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
सूरज सबसे जुड़े हुए हैं इसलिए वह सबको जोड़ देते हैं। जाति वर्ग, अमीर गरीब, स्त्री पुरुष सब मिलकर एक घाट पर एक साथ सूरज को प्रणाम करते हैं। यह सभी को जोड़ने वाला पर्व है। एक आदर्श पर्व है। अनुकरणीय पर्व है। बड़ा ही प्यारा और सुखद अनुभूति होती है। बिना सामूहिक हुए पर्वों का आनंद नहीं लिया जा सकता है। इसलिए परिवार से दूर रहने वाले सभी लोग अपने घर आ जाते हैं। बच्चे अपने दादा दादी एवं नाना नानी सहित परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं। इस दिन घर में तरह तरह के पकवान बनता है। अपनी शक्ति और श्रद्धा के अनुसार गरीबों में मिठाइयां कपड़ा आदि बांटते हैं। सामूहिक रूप से पर्व मनाते हैं। छठ पर्व सामाजिक समरसता का प्रतीक हैं। विज्ञान आधारित हैं।
विज्ञान की दृष्टि से भी छठ का विशेष महत्व है। सुबह और शाम की सूर्य की किरणों में विटामिन डी भरपूर मात्रा में मिलता है। नदी और तालाब के ठंडे जल में खड़े होकर अर्घ्य देने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। व्रत और संयम से पाचन तंत्र को आराम मिलता है। शुद्ध सात्विक भोजन, ठेकुआ, कसार और फलों का प्रसाद शरीर को शुद्ध करता है। इसलिए छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा एक वैज्ञानिक पर्व भी है।
इस महापर्व में सरकार और समाज दोनों की भूमिका भी देखने लायक होती है। जिला प्रशासन घाटों की सफाई, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल और यातायात की व्यवस्था करता है। नगर निगम, पंचायत, पुलिस और स्वयंसेवी संगठन मिलकर काम करते हैं। महिलाएं, युवक और बुजुर्ग सभी घाट की व्यवस्था में हाथ बंटाते हैं। जब सरकार की व्यवस्था और समाज की श्रद्धा एक साथ मिलती है, तो छठ जैसा विशाल पर्व भी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो जाता है। यही सामाजिक सरकार का सच्चा रूप है, जहां शासन केवल आदेश नहीं देता, बल्कि सेवा करता है और समाज केवल मांग नहीं करता, बल्कि सहयोग करता है।
छठ हमें यह भी सिखाता है कि प्रकृति का सम्मान ही सच्ची पूजा है। हम नदी को साफ रखते हैं, घाट को साफ रखते हैं, आसपास के वातावरण को शुद्ध रखते हैं। यही पर्यावरण संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। आज जब पूरी दुनिया प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से जूझ रही है, तब छठ का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। सूरज, जल, मिट्टी और वायु को प्रणाम करना ही आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन को सुरक्षित रखना है।
अंत में यही कहा जा सकता है कि छठ केवल बिहार का पर्व नहीं है, यह भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह पर्व हमें एकता, स्वच्छता, अनुशासन, श्रद्धा और सामाजिक बराबरी का पाठ पढ़ाता है। यह पर्व बताता है कि जब समाज एक हो जाता है, तो हर कठिनाई आसान हो जाती है और जब सरकार समाज के साथ खड़ी हो जाती है, तो कोई भी पर्व, कोई भी अभियान सफल हो जाता है। छठ की यही महिमा है, यही गरिमा है और यही इसकी अमरता है।
डॉ नन्दकिशोर साह
ईमेल nandkishorsah59@gmail.com
मोबाईल 9934797610
