कुकिंग के रोमांचक मुकाबले से जीत के शानदार सफर तक!

Spread the love

सोनी आठ के ‘रांधुनी ना कांडुनी’ में सौरव दास और प्रेरणा दास ने जीती विजेता की ट्रॉफी

खाना बनाने की अनोखी चुनौतियों, किचन में मस्ती, मनोरंजन और कांटे की टक्कर से भरपूर ग्रैंड फिनाले में सौरव और प्रेरणा ने शानदार जीत हासिल की। कंचन मल्लिक और श्रीमोयी महज़ आधे अंक से पीछे रह गए!

कोलकाता, 13 नवंबर, 2026: कोलकाता अपने खान-पान, लज़ीज़ स्वाद और समृद्ध पाक परंपराओं के लिए जाना जाता है। और जब बात खाना बनाने की रोमांचक प्रतियोगिता की हो, तो सोनी आठ के शो ‘रांधुनी ना कांडुनी’ ने किचन में उत्साह और रोमांच का तड़का लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी! ग्रैंड फिनाले में चार जोड़ियों – सायन और श्यामोप्ती, सौरव और प्रेरणा, इमन और रूपांजना, तथा कंचन और श्रीमोयी – के बीच ज़बरदस्त मुकाबला देखने को मिला। सभी जोड़ियों ने प्रतिष्ठित विजेता ट्रॉफी हासिल करने के लिए कई चुनौतीपूर्ण पाक-कला कार्यों में हिस्सा लिया और अपना हुनर दिखाया।

अपने शानदार सफर का रोमांचक समापन करते हुए प्रेरणा दास और सौरव दास ने विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। अप्रत्याशित चुनौतियों, हंसी-मज़ाक, ड्रामे और जबरदस्त कुकिंग मुकाबलों से भरपूर ग्रैंड फिनाले में दोनों ने प्रतिष्ठित विजेता ट्रॉफी हासिल की।

ग्रैंड फिनाले दर्शकों के लिए किसी शानदार दावत से कम नहीं था। प्रतियोगियों को एक के बाद एक अनोखी कुकिंग चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद बेहद करीबी मुकाबले में अंतिम कुकिंग प्रतियोगिता हुई। कंचन मल्लिक और श्रीमोयी ने विजेता जोड़ी को कड़ी टक्कर दी और महज़ आधे अंक के अंतर से खिताब जीतने से चूक गए। इस बेहद मामूली अंतर ने अंतिम परिणाम को और भी रोमांचक बना दिया।

फिनाले की शुरुआत पुरानी यादों के साथ हुई, जहां प्रतियोगियों ने शो में अपने सफर को याद किया और होस्ट अंकुश हाजरा, मेंटर्स और साथी प्रतियोगियों के साथ अपने सबसे यादगार पलों को साझा किया। इसके बाद भावनाओं और हंसी-मज़ाक का खूबसूरत सिलसिला देखने को मिला। जब सायन ने स्वीकार किया कि उन्हें सबसे ज़्यादा श्यामौप्ति की याद आएगी, तो सौरव ने तुरंत मज़ाकिया अंदाज़ में जवाब देकर भावुक माहौल में हंसी की फुहार बिखेर दी।

लेकिन भावुक होने का ज़्यादा समय नहीं था, क्योंकि मुकाबले का रोमांच जल्द ही बढ़ने वाला था! सबसे पहले प्रतियोगियों को आंखों पर पट्टी बांधकर पापड़ी चाट बनाने की चुनौती दी गई, जिसमें उनकी पाक कला की समझ और सहज अंदाज़ का इम्तिहान हुआ। इसके बाद गुब्बारे और लड्डू का एक मनोरंजक खेल खेला गया। सायन और श्यामौप्ति के साथ बराबरी पर रहने के बाद सौरव और प्रेरणा ने टाईब्रेकर में बाज़ी मार ली और अंतिम मुकाबले से पहले एक महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली।

और फाइनलिस्ट की पाक कला को परखने के लिए कोलकाता की सबसे पसंदीदा डिश, मटन बिरयानी से बेहतर क्या हो सकता था! हालांकि, यह कोई साधारण बिरयानी बनाने की चुनौती नहीं थी। प्रतियोगियों को एक नकली बच्चे को संभालते हुए इस लोकप्रिय व्यंजन को तैयार करना था। चुनौती में एक और दिलचस्प मोड़ था, जो अनुभवी खाने के शौकीनों को भी मुश्किल में डाल सकता था। प्रतियोगियों को अपनी या किसी दूसरे की बनाई डिश चखने की सख्त मनाही थी!

इसके बाद किचन में मज़ेदार अफरा-तफरी मच गई, जहां प्रतियोगियों को एक ओर अपने नन्हे साथी को संभालना था, तो दूसरी ओर खाना बनाने की ज़िम्मेदारी भी पूरी करनी थी।

जब अंतिम डिशेज़ को बिना यह बताए कि किसने क्या बनाया है, चखने के लिए मेंटर्स के सामने पेश किया गया, तो किचन में उत्सुकता और तनाव साफ महसूस किया जा सकता था। यहां तक कि अंकुश हाजरा भी खाने का स्वाद चखने से खुद को रोक नहीं पाए और चुपके से डिश चखने पहुंच गए। इस मज़ेदार पल ने पहले से ही रोमांच से भरपूर फिनाले में मनोरंजन का एक और रंग जोड़ दिया।

विजेता के नाम की घोषणा से पहले जश्न का सिलसिला जारी रहा। अंकुश और प्रतियोगियों ने जोशीले डांस परफॉर्मेंस से समां बांध दिया, जबकि मशहूर गायिका इमन चक्रवर्ती ने अपनी खास संगीतमय प्रस्तुति से शाम को और भी यादगार बना दिया।

और फिर आया वह पल, जिसका सभी को बेसब्री से इंतज़ार था! मस्ती, दोस्ती, स्वाद और कड़ी प्रतिस्पर्धा से भरे इस शानदार सफर के बाद प्रेरणा दास और सौरव दास को आखिरकार सोनी आठ के ‘रांधुनी ना कांडुनी’ का विजेता घोषित किया गया। दोनों ने प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम करते हुए अपनी मेहनत और लगन से जीत का स्वाद चखा।

अपनी जीत के बारे में बात करते हुए प्रेरणा दास ने कहा,

“‘रांधुनी ना कांडुनी’ जीतना मेरे लिए एक बेहद शानदार एहसास है और सच कहूं तो अभी भी यह किसी सपने जैसा लगता है! जब हमने पहली बार किचन में कदम रखा था, तब हमारी बस यही इच्छा थी कि हम इस अनुभव का भरपूर आनंद लें, हर चुनौती को खुशी–खुशी स्वीकार करें और खूब मस्ती करें।

हमने कभी नहीं सोचा था कि यह सफर इतना यादगार बन जाएगा, जिसमें ढेर सारी हंसी, अप्रत्याशित मोड़, कुछ बेहद रोमांचक पल और सबसे महत्वपूर्ण, बहुत कुछ नया सीखने के अवसर मिलेंगे।

इस सफर को मेरे लिए और भी खास बनाने वाली बात यह थी कि हर कदम पर सौरव मेरे टीममेट के रूप में मेरे साथ थे। हर चुनौती का एक साथ सामना करना और आखिरकार एक टीम के रूप में विजेता की ट्रॉफी उठाना इस जीत को सचमुच अनमोल बनाता है।

मैं अंकुश, हमारे मेंटर्स, साथी प्रतियोगियों और सोनी आठ की पूरी टीम की दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस अनुभव को इतना यादगार बनाया।

उन सभी लोगों का भी बहुत–बहुत धन्यवाद, जिन्होंने हम पर विश्वास किया, हमारा साथ दिया और पूरे सफर के दौरान हमारा हौसला बढ़ाया।

यह जीत हमारे लिए बेहद खास है और मुझे यकीन है कि हम इन खूबसूरत यादों को जीवनभर संजोकर रखेंगे!”

‘रांधुनी ना कांडुनी’ का पुनः प्रसारण 13 से 20 नवंबर तक सोनी आठ पर देखें। शो के सभी एपिसोड सोनी लिव (Sony LIV) पर भी उपलब्ध हैं।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top