हिन्दूकाल संवाददाता हावड़ा: दक्षिण हावड़ा के 35 नंबर वार्ड स्थित कोयला डिपो इलाके में पिछले कुछ महीनों के दौरान बस्ती उजाड़े जाने के मुद्दे को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बस्तीवासियों के समर्थन में दक्षिण हावड़ा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने आज से कोयला डिपो के निकट अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है।
अमित कुमार तिवारी का कहना है कि वार्ड नंबर 35 में बड़ी संख्या में गरीब और निम्न आय वर्ग के लोग रहते हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगे थे। लेकिन चुनाव में जीत और राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब उन्हीं बस्तीवासियों को उनके ठिकानों से हटाने की कवायद की जा रही है।
अमित तिवारी ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी बस्तीवासियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया है।
उन्होंने इस अभियान में आम लोगों से भी शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि जो लोग बस्तीवासियों के अधिकारों की लड़ाई में साथ देना चाहते हैं, वे इस आंदोलन से जुड़ सकते हैं।
