पुलिस की अनुमति नहीं मिलने पर बस्ती बचाओ अभियान की भूख हड़ताल स्थगित, अमित तिवारी ने लिया फैसला

Spread the love

हिन्दूकाल संवाददाता हावड़ा: दक्षिण हावड़ा के 35 नंबर वार्ड स्थित कोयला डिपो इलाके में बस्तीवासियों के समर्थन में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। दक्षिण हावड़ा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने पुलिस प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण यह फैसला लिया।

जानकारी के अनुसार, बस्ती बचाओ अभियान के तहत अमित कुमार तिवारी ने आज से कोयला डिपो के निकट भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की थी। इसके लिए इलाके में मंच तैयार किया गया था और माइक भी लगाए गए थे। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि पहले प्रशासन से विधिवत अनुमति ली जाए, उसके बाद ही कोई कार्यक्रम किया जाए।

इसके बाद अमित कुमार तिवारी ने फिलहाल भूख हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम करना संभव नहीं हो सका। अब पुलिस प्रशासन से विधिवत अनुमति लेने के बाद ही भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

गौरतलब है कि कोयला डिपो इलाके में पिछले कुछ महीनों के दौरान बस्ती उजाड़े जाने के मुद्दे को लेकर अमित तिवारी लगातार आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि गरीब और निम्न आय वर्ग के बस्तीवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top