कोलकाता, 5 नवंबर 2026: आज जब पूरी दुनिया टिकाऊ और स्वस्थ जीवनशैली की तलाश में है, ऐसे समय में होम साइंस हमारे युग की एक वास्तविक समग्र शिक्षा के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। इसका दायरा जीवन के प्रत्येक पहलू तक विस्तृत है, भोजन एवं पोषण से लेकर वस्त्र विज्ञान, संसाधन प्रबंधन, मानव विकास एवं बाल देखभाल और विस्तार शिक्षा तक। विज्ञान, सामाजिक समझ और प्रौद्योगिकी के समन्वय से होम साइंस परिवारों और समुदायों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इसी भावना को साकार करते हुए होम साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचएसएआई) ने नवदिशा 2026 का आयोजन किया। यह एक अनूठा ऑनलाइन शोध मंच था, जिसने पारंपरिक सम्मेलनों की स्थापित परंपराओं को एक नई दिशा दी। आमतौर पर पारंपरिक सम्मेलनों में केवल वरिष्ठ शोधकर्ताओं द्वारा पूर्ण किए गए शोध कार्य प्रस्तुत किए जाते हैं, लेकिन नवदिशा ने स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी—तीनों स्तरों के विद्यार्थियों के लिए अपने द्वार खोले। इससे युवा शोधार्थियों को अपने जारी शोध कार्य प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने और अपने शोध को शुरुआती चरण से ही बेहतर बनाने का अवसर मिला।
पूर्वी क्षेत्रीय संस्करण में बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और मणिपुर से उत्साहपूर्ण ऑनलाइन सहभागिता देखने को मिली। 20 से अधिक शोध पत्रों की प्रस्तुतियों ने निर्णायक मंडल को आदिवासी रसोई से लेकर समुद्र तटीय क्षेत्रों तक की विविध वास्तविकताओं से परिचित कराया। पोमेलो फल के सफेद भीतरी छिलके (अल्बेडो) से बनी कैंडी और मणिपुर के पारंपरिक किण्वित खाद्य पदार्थ ‘टाटिंग संघ’ से लेकर ओरांव आदिवासी माताओं के पोषण, पुरी की मछुआरा महिलाओं के संघर्ष, बिहार में जैविक खेती का नेतृत्व कर रही जीविका की महिलाओं तथा मणिपुर के राहत शिविरों में अपनी आजीविका का पुनर्निर्माण कर रही महिलाओं तक—इन सभी प्रस्तुतियों ने भारत के जमीनी स्तर पर मौजूद संघर्ष, सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता की एक जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
उल्लेखनीय है कि पूर्वी क्षेत्रीय संस्करण देशव्यापी शोध प्रस्तुतियों का एक हिस्सा था। देश के चारों क्षेत्रों में प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल के समक्ष कुल 201 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
“नवदिशा वास्तव में एक नई दिशा प्रदान करता है। पूर्वी भारत से सामने आए विचार यह साबित करते हैं कि होम साइंस केवल घरों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि समुदायों और राष्ट्र के निर्माण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।”
— प्रो. (डॉ.) मधु शरण, अध्यक्ष, एचएसएआई
“ऑनलाइन आयोजन ने नवदिशा को पहले से कहीं अधिक समावेशी बना दिया है। इसका भव्य समापन समारोह 14 नवंबर को आयोजित होगा। पुरस्कार आगामी द्विवार्षिक सम्मेलन में प्रदान किए जाएंगे, जिसकी मेजबानी पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना द्वारा की जाएगी।”
— प्रो. (डॉ.) सुमन सिंह, सचिव, एचएसएआई
“पूर्वी क्षेत्र विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह संस्कृति और साहस का एक जीवंत प्रयोगशाला है। यहां हमारे युवा वैज्ञानिक केवल शोध ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे हमारी विरासत को संरक्षित कर रहे हैं, पोषण सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं और विकास की प्रक्रिया में महिलाओं को केंद्र में स्थापित कर रहे हैं।”
— प्रो. (डॉ.) दीपाली सिंघी, उपाध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र), एचएसएआई
“पूर्वी क्षेत्रीय संस्करण का संयोजन करना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात रही। हमारे युवा शोधार्थियों ने अत्यंत आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। ऑनलाइन प्रारूप ने वास्तव में यह सुनिश्चित किया कि पूर्वी भारत की कोई भी प्रतिभा अवसर से वंचित न रह जाए।”
