गोरखपुर, 21 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं सेंटर फॉर माइक्रो फाइनेंस (CmF) के मध्य हुए महत्वाकांक्षी अनुबंध को धरातल पर उतारने की दिशा में आज गोरखपुर में एक अत्यंत प्रभावशाली एवं परिणामोन्मुखी एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। मिशन निदेशक महोदया के दूरदर्शी नेतृत्व एवं संयुक्त मिशन निदेशक श्री प्रवीणा नंद के कुशल मार्गदर्शन तथा डॉ. नन्दकिशोर साह, मिशन प्रबंधन मॉडल संकुल स्तरीय संघ प्रभारी के अथक सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में गोरखपुर, कुशीनगर एवं महराजगंज जनपद के उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला मिशन प्रबंधक एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधकों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता की।
कार्यशाला का शुभारंभ मिशन निदेशक महोदया के प्रेरणादायी ऑनलाइन सम्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के सर्वांगीण सशक्तिकरण और संस्थागत सुदृढ़ीकरण को मिशन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने CmF के साथ हुई रणनीतिक साझेदारी को पूर्वांचल में आजीविका संवर्धन के लिए मील का पत्थर करार दिया।
इस गहन विचार-मंथन सत्र में सेंटर फॉर माइक्रो फाइनेंस एवं मिशन के अनुभवी स्टाफ द्वारा गोरखपुर, कुशीनगर एवं महराजगंज के 10 चयनित विकास खण्डों में 20 संकुल स्तरीय संघों को सघन क्षमतावर्धन एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण के माध्यम से देश के लिए अनुकरणीय मॉडल CLF एवं जीवंत इमरशन साइट के रूप में विकसित करने हेतु व्यापक एवं समयबद्ध कार्ययोजना का खाका तैयार किया गया। यह महत्वाकांक्षी पहल लाखों ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, नेतृत्व विकास और सामाजिक प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई देने के लिए संकल्पित है।
कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारियों ने एक स्वर में इस अभिनव प्रयास को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मजबूत करने वाला कदम बताया और अनुबंध के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
मौके पर तीनों जनपद के उपायुक्त स्वत रोजगार श्रीमती नीरजा गुप्ता, मोहम्मद जाकिर एवं अरुण कुमार पाण्डेय, जिला मिशन प्रबंधक अशीम मल्ल, पंकज कुमार,संतोष कुमार, अजय कुमार, अभिषेक वर्मा, विनोद कुमार, नितेश जायसवाल, एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक तथा सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस से श्री प्रोशान्ता लीड (इंस्टीट्यूशन बिल्डिंग) नरेंद्र कुमार ऐंकर एम0&ई0, श्री सलिल श्रीवास्तव प्रोग्राम मैनेजर उत्तर प्रदेश, सुनील कुमार एक्सपर्ट इंस्टीट्यूशन बिल्डिंग एवं सूरज कुमार मौजूद रहे.
