Bally, कोलकाता के निकट एक ऐतिहासिक और घनी आबादी वाला इलाका, हजारों मेहनतकश परिवारों का घर है। सांस्कृतिक समृद्धि और महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति होने के बावजूद, बाली आज भी कई बुनियादी नागरिक समस्याओं से जूझ रहा है। चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में इन मुद्दों को उठाना और अपनी वास्तविक अपेक्षाओं को सामने रखना बेहद जरूरी है।

सबसे गंभीर समस्या है सड़कों और जल निकासी व्यवस्था की बदहाली। मानसून के दौरान कई इलाकों में जलजमाव आम बात है, लेकिन केवल बरसात ही नहीं, सामान्य दिनों में भी खासकर बेलूर स्टेशन की ओर जल निकासी की समस्या बनी रहती है। गलियां कीचड़ से भर जाती हैं. सड़कें अस्रक्षिल हो जाती हैं, और कई बार आवागमन तक ठप हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह केवल असुविधा नहीं, बल्कि सुरक्षा और गरिमा का सवाल है।
दूसरी बही समस्या कचरा प्रबंधन की है। कई जगहों पर कूड़े के ढेर, दुर्गंध और अस्वच्छ माहौल स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य संकट बन चुके हैं। यह स्थिति बीमारियों को बढ़ावा देती है और लोगों के जीवन स्तर को प्रभावित करती है।
स्थानीय परिवहन, खासकर टोटो सेवा, भी चिंता का विषय है। मनमाना किराया, लाइन व्यवस्था को लेकर विवाद, यात्रियों की परेशानी और चालकों के बीच आपसी टकराव ये सब रोज़मर्रा की समस्या बन चुकी हैं। इस अव्यवस्था का समाधान और एक बेहतर व्यवस्था की उम्मीद हम अपने जनप्रतिनिधियों से करते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की हालत भी संतोषजनक नहीं है। निजी और सरकारी अस्पतालों, दोनों में कई कमियां हैं। बाल चिकित्सा सेवाओं की स्थिति भी चिंता पैदा करती है। हमारे नेता स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और रोजगार, दोनों को प्राथमिकता दें- चाहे नगरपालिका में अवसर हों, सरकारी अस्पतालों में नौकरियां हों, या नए व्यापारिक प्रोजेक्ट्स लाकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सूजन।
हम, Bally के निवासी, अपने उम्मीदवारों से अस्थायी वादे नहीं, बल्कि व्यावहारिक समाधान चाहते है- मजबूत सड़कें, प्रभावी जल निकासी, बेहतर कचरा प्रबंधन, सुव्यवस्थित टोटो स्टॉप, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगार के अवसर।
हम विलासिता नहीं मांग रहे, केवल वे बुनियादी सुविधाएं मांग रहे हैं जो हमें गरिमा, सुरक्षा और शांति के साथ जीने का अधिकार देती हैं।
बाली में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन उसे चाहिए ध्यान, योजना और ईमानदार नेतृत्व।
हमारे क्षेत्र का भविष्य केवल सत्ता में बैठे लोगों पर नहीं, बल्कि हम पर भी निर्भर करता है- उन लोगों पर, जो
अपने बोट से बदलाव चुनते हैं।
“बाली की आवाज केवल शिकायत नहीं, बदलाव की मांग है।”
Name – Muskan singh
