सुरक्षा कारणों से बंद हुई हावड़ा के नेताजी रोड स्थित मयरापाड़ा की 50 साल पुरानी रास मेला

Spread the love

हिन्दूकाल संवाददाता हावड़ा: सुरक्षा कारणों से पांच दशक पुरानी रास मेले की परंपरा पर इस वर्ष विराम लग गया। रास पूर्णिमा के अवसर पर हावड़ा के नेताजी रोड स्थित मयरापाड़ा में हर साल आयोजित होने वाला प्रसिद्ध रास मेला इस बार नहीं लगा। रामकृष्ण एसोसिएशन हरिसभा राधाकृष्ण मंदिर कमेटी की ओर से इस वर्ष मेले का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया गया है।

करीब 50 वर्षों से इस मेले का प्रमुख आकर्षण मिट्टी की गुड़ियों से तैयार की गई झांकियां और जीवंत मॉडल की विभिन्न प्रस्तुतियां रही हैं। इन आकर्षणों को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते थे। मेले में भारी भीड़ उमड़ती थी। लेकिन इस बार मेला परिसर में न तो पहले जैसी चहल-पहल दिखाई दे रही है और न ही उत्सव की रौनक और सजावट।

कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान में हुई दर्दनाक घटना के बाद सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से लिया गया। मेला परिसर में प्रवेश और निकास के रास्ते बेहद संकरे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर इस वर्ष मेला आयोजित नहीं करने का फैसला लिया गया। पुलिस की ओर से भी मेले के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई।

हालांकि, मेले का आयोजन नहीं होने के बावजूद धार्मिक परंपरा का पालन करते हुए श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिए गए इस फैसले के कारण मयरापाड़ा के पांच दशक पुराने रास मेले की परंपरा इस वर्ष एक बार के लिए थम गई।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top