रूपनारायण नदी और हुड़हुड़ा खाल के किनारे बनेंगे कुल 6.2 किलोमीटर तटबंध, सिंचाई मंत्री अरूप कुमार दास ने किया उद्घाटन
आमता, 24 नवंबर: हर साल बारिश के मौसम में हावड़ा जिले के आमता और उदयनारायणपुर के विस्तृत इलाके बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। इस समस्या से निपटने और बाढ़ की विभीषिका को कम करने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्य के सिंचाई मंत्री अरूप कुमार दास ने आमता के बाकसी में तीन सरकारी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं पर कुल 13 करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से इलाके में बाढ़ की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।
इन परियोजनाओं के तहत रूपनारायण नदी के किनारे तीन किलोमीटर लंबा तटबंध बनाया जाएगा। इसके अलावा हुड़हुड़ा खाल के दोनों किनारों पर दो किलोमीटर और 1.2 किलोमीटर लंबे तटबंध का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से नदी और खाल के आसपास के निचले इलाकों को बाढ़ के पानी से बचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सिंचाई मंत्री ने दावा किया कि इस साल राज्य में सामान्य से अधिक बारिश होने के बावजूद बड़े पैमाने पर बाढ़ की स्थिति पैदा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घाटाल, दासपुर और खानाकुल जैसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी इस बार बाढ़ का वैसा प्रकोप देखने को नहीं मिला। खानाकुल में पानी भी तेजी से उतर गया।
मंत्री ने कहा कि नई सरकार केंद्रीय नदी आयोग के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। नदियों से पानी छोड़ने के संबंध में भी केंद्र सरकार से परामर्श किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इस तरह का समन्वय नहीं रखा जाता था। पिछली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अक्सर बाढ़ को ‘मैन मेड फ्लड’ बताती थीं। इस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उनके विचार से पिछली सरकार की नीतियां ही ऐसी बाढ़ के लिए जिम्मेदार थीं।
उन्होंने नदियों के किनारे और नदी के भीतर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए जल्द कार्रवाई करने की भी बात कही। मंत्री ने स्पष्ट किया कि केलेघाई नदी के भीतर चल रहे अवैध ईंट भट्ठों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही बालू माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी सरकार कदम उठाएगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों को पूरा करने में थोड़ा समय लगेगा।
इस अवसर पर आमता के विधायक अमित सामंत, उलूबेड़िया उत्तर के विधायक चिरन बेड़ा सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
