हिन्दूकाल संवाददाता तीन हजार पेड़ों की होगी वैज्ञानिक पहचान, 29 करोड़ रुपये की लागत से बने एकेडमिक एनेक्स भवन का उद्घाटन; साइकिल परीक्षण और आधुनिक खेल सुविधाओं की भी शुरुआत
हावड़ा, 24 नवंबर: 171 वर्षों की गौरवशाली विरासत को साथ लेकर हावड़ा के शिबपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIEST) ने शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास का संदेश दिया। मंगलवार को संस्थान के स्थापना दिवस के अवसर पर कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर बोटैनिकल सर्वे ऑफ इंडिया और आचार्य जगदीश चंद्र बोस इंडियन बोटैनिकल गार्डन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग के तहत अगले दो वर्षों में संस्थान परिसर में मौजूद लगभग तीन हजार पेड़ों की पहचान, टैगिंग और उनसे संबंधित जानकारियों को दर्ज करने की योजना बनाई गई है।
इसके साथ ही साइकिल परीक्षण की आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए भारत सरकार के एमएसएमई टेस्टिंग सेंटर और यूनिरॉक्स बाइक्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ त्रिपक्षीय समझौता किया गया।
कार्यक्रम के तहत दोपहर दो बजे करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच मंजिला एकेडमिक एनेक्स भवन का उद्घाटन किया गया। वहीं, शाम को वुल्फेंडेन हॉल के पास नए मल्टी-स्पोर्ट्स कोर्ट की शुरुआत की गई। यहां बैडमिंटन, पिकलबॉल और टेनिस खेलने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर वी.एम.एस.आर. मूर्ति, आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती और पूर्व राजदूत डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्रा उपस्थित थे। समारोह में संस्थान की विरासत के संरक्षण पर विशेष प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा कर्मचारियों को सम्मानित किया गया और ‘IIEST, Shibpur – A Journey of 170 Years’ शीर्षक से एक स्मारक पुस्तक का विमोचन किया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए IIEST के निदेशक प्रोफेसर वी.एम.एस.आर. मूर्ति ने बताया कि संस्थान परिसर में मौजूद पेड़ों की वैज्ञानिक पहचान कर उनकी जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना है। इससे विद्यार्थियों और आगंतुकों को पेड़ों की प्रजातियों, विशेषताओं और उनके उपयोग के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि साइकिल परीक्षण की आधारभूत संरचना विद्यार्थियों की सैद्धांतिक शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा भविष्य में ई-साइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), बैटरी स्टोरेज और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अनुसंधान के नए अवसर भी पैदा होंगे।
निदेशक ने कहा कि ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए पर्यावरण अनुकूल सोच और अनुसंधान को आगे बढ़ाना ही संस्थान का प्रमुख लक्ष्य है।
