
हिन्दूकाल संवाददाता :हावड़ा: चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद हावड़ा सिटी पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। आगामी काली पूजा के दौरान जिन पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर हावड़ा सिटी पुलिस के कमिश्नर अखिलेश कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने डोमजूर के दफरपुर मनसातला बारोवारी पूजा पंडाल का दौरा किया। काली पूजा के दिन इस पंडाल में करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की और मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
पूजा कमेटी के अध्यक्ष प्रवीर पारुई ने बताया कि काली पूजा के दिन दूर-दराज के इलाकों से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर तक आने-जाने का रास्ता काफी संकरा है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किस तरह की व्यवस्था की जाएगी, इसकी जानकारी लेने पुलिस अधिकारी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ-साथ पूजा कमेटी के स्वयंसेवक भी भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, पूजा कमेटी के सचिव अंशुमान घोष ने कहा कि हर साल पुलिस और प्रशासन की ओर से सहयोग मिलता है। हालांकि, इस बार चोरबागान की घटना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्वक मां काली के दर्शन कर सकें।
