हिन्दूकाल संवाददाता :
हावड़ा: ग्रामीण हावड़ा के जयपुर थाना अंतर्गत भाटोरा गांव में आवास योजना की राशि को लेकर हुए विवाद में एक बहू ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी 82 वर्षीय सास की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों में फेंक दिया गया।
मृतका की पहचान भीवा बेरा (82) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बहू का नाम अनिमा बेरा बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, अनिमा का पति गुजरात में काम करता है और घर पर सास-बहू रहती थीं। हाल ही में भीवा बेरा को आवास योजना के तहत राशि मिली थी। बहू ने रुपये मांगे, लेकिन सास ने देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
आरोप है कि बुधवार को अनिमा ने अपने पति के दो साथियों श्रीकांत और सुनील को घर बुलाया। इसके बाद तीनों ने मिलकर सोते समय भीवा बेरा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया।
हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद अनिमा अपनी ननदों के साथ गुरुवार को जयपुर थाने पहुंची और सास के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी। हालांकि, पुलिस को बहू की बातचीत और गतिविधियों पर शक हुआ। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान भी बहू के खिलाफ जानकारी मिली।
पुलिस ने जब अनिमा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों श्रीकांत और सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच में जुटी है।
हिन्दूकाल न्यूज़ | हावड़ा
