26/11 के मास्टरमाइंड के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू, उज्ज्वल निकम का बड़ा खुलासा

Spread the love

मुंबई पुस्तक महोत्सव में बोले राज्यसभा सांसद, कसाब के जरिए पाकिस्तान में रची गई साजिश को बेनकाब करना था असली मकसद

मुंबई (मुकेश सेठ)। मुंबई पुस्तक महोत्सव में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में बैठकर मुंबई हमले की साजिश रचने वाले आतंकियों के आकाओं के खिलाफ अब कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है। जल्द ही इसके परिणाम सामने आने की उम्मीद है।

निकम ने बताया कि मुंबई हमले के दौरान पाकिस्तान के कराची में एक कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से मुंबई में हमला कर रहे आतंकियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। आतंकियों और उनके पाकिस्तानी हैंडलरों के बीच हुई बातचीत के रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।

आतंकी अजमल कसाब को फांसी दिलाने वाले निकम ने कहा कि कसाब को सजा दिलाना उनकी कानूनी लड़ाई का अंतिम उद्देश्य नहीं था। असली मकसद पाकिस्तान में रची गई साजिश, आतंकी नेटवर्क और उसके संचालकों को बेनकाब करना था।

वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र दीक्षित के साथ संवाद में निकम ने मुकदमे से जुड़े कई अनसुने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कसाब उन्हें ‘बादशाह’ कहकर बुलाता था। एक बार सिगरेट मांगने पर निकम ने उससे ऐसी जानकारी मांगी, जो उसने पुलिस को भी नहीं बताई थी। इसी बातचीत में कसाब ने रिगल सिनेमा पर भी हमला करने की योजना का खुलासा किया था।

अपने राजनीतिक सफर पर निकम ने कहा कि राजनीति में आने का उनका कोई इरादा नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आग्रह पर उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि कानून और न्याय के प्रति उनकी जिम्मेदारी आज भी सर्वोपरि है।

युवाओं में गति से दोगुनी गहराई होनी चाहिए: मनोज मुंतशिर

मुंबई पुस्तक महोत्सव में प्रसिद्ध गीतकार एवं लेखक मनोज मुंतशिर ने नई पीढ़ी को लेकर कहा कि युवाओं में जितनी गति है, उससे दोगुनी गहराई उनके विचारों में होनी चाहिए। आधुनिक समय की तेज रफ्तार के साथ विचारों की गहराई भी जरूरी है।

एक परिसंवाद के दौरान उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी भले ही कम बोलती हो, लेकिन उसकी भावनाएं गहरी और प्रबल हैं। भारतीय संस्कृति की रामलीला और कृष्णलीला परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय कहानियां दुनिया की किसी भी कहानी से कम नहीं हैं। इन्हें वैश्विक स्तर पर भव्य और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।

मुंतशिर ने लोगों से अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि पढ़ने से व्यक्ति अधिक संवेदनशील और समझदार बनता है।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top