हावड़ा स्टेशन पर स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर पूर्व रेलवे का विशेष अभियान, उषा उत्थुप ने भी यात्रियों से की जागरूक रहने की अपील

Spread the love

महाप्रबंधक गीतिका पांडे और डीआरएम विशाल कपूर की मौजूदगी में आयोजित हुआ ‘स्वच्छता से सुरक्षा’ कार्यक्रम

हावड़ा, 19 नवंबर: रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता और यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे की ओर से गुरुवार को हावड़ा स्टेशन पर ‘स्वच्छता से सुरक्षा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे, हावड़ा मंडल के डीआरएम विशाल कपूर और मशहूर पार्श्व गायिका उषा उत्थुप विशेष रूप से मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान हावड़ा मंडल के डीआरएम विशाल कपूर ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से पहले भी स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। लेकिन इस बार दोनों विषयों को एक साथ जोड़कर अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर जितना साफ-सुथरा रहेगा, वहां दृश्यता उतनी ही बेहतर होगी। इससे आरपीएफ के जवानों को मानव तस्करी सहित अन्य छोटी-बड़ी आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने में आसानी होगी। स्वच्छ स्टेशन न केवल यात्रियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करता है, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वच्छता और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आमंत्रित मशहूर गायिका उषा उत्थुप ने भी यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने पूर्व रेलवे को लेकर एक विशेष गीत भी प्रस्तुत किया, जिसका इस्तेमाल रेलवे की ओर से जागरूकता अभियान के प्रचार-प्रसार में किया जाएगा।

इस मौके पर उषा उत्थुप ने अपने रेल सफर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने ट्रेन के लगभग सभी तरह के कोचों में सफर किया है। हालांकि, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अब वह पहले की तरह ट्रेन से यात्रा नहीं करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की तुलना में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top