Kolkata, 18th November 2026: हर परिवार में कुछ ऐसे रंगीन मिजाज लोग होते हैं, जिनके बिना घर की कहानी अधूरी लगती है! कुछ ऐसी ही मजेदार शख्सियत हैं चंद्रमोहन पात्राशी, जिनका किरदार निभा रहे हैं जाने-माने अभिनेता कंचन मल्लिक। चंद्रमोहन पात्राशी परिवार के 90 साल के मुखिया हैं और उनकी अपनी एक पुरानी और मशहूर दुकान है – पात्राशी मिष्टान्न भंडार। सोनी आठ का नया शो ‘भूत गिन्नी जि़लिपिलता फ्रॉम 1942’ इसी अनोखे और जिद्दी बुजुर्ग की कहानी लेकर आ रहा है। उनकी जिंदगी में भूचाल तब आता है, जब बचपन का एक वादा उनके पास उनकी पहली पत्नी जि़लिपिबाला को 80 साल बाद एक भूत के रूप में वापस ले आता है। यह शो 23 नवंबर को शाम 6:30 बजे सोनी आठ और सोनी लिव पर शुरू हो रहा है।

चंद्रमोहन बेहद हठी, थोड़े सनकी और अपने मूड के पक्के हैं। घरवाले भले ही उनके जाने का इंतजार कर रहे हों, लेकिन वो हर बार चौंकते हुए फिर से खड़े हो जाते हैं। हालांकि, इन सबके बीच उनका एक जज्बाती और कोमल पहलू भी है, जो तब सामने आता है जब उन्हें अपनी पहली पत्नी ‘जि़लिपि’ और उनसे किए गए वादे की यादें सताने लगती हैं।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कंचन मल्लिक ने कहा, “चंद्रमोहन एक बेहद दिलचस्प और अलग किस्म का किरदार है, जिसे निभाने में मुझे बहुत मजा आया। वे उम्र से भले ही बुजुर्ग हैं, लेकिन उनका दिल और जोश आज भी जवान है। वो आसानी से हार मानने वालों में से नहीं हैं, जिसे देखकर घरवाले भी हैरान और परेशान रहते हैं। वो थोड़े अड़ियल और सनकी हैं, लेकिन उनकी इस मस्ती और पागलपन के पीछे एक गहरा जज्बाती इंसान भी है, खासकर जब बात जि़लिपि और उससे किए गए वादे की आती है। मेरे लिए सबसे मजेदार बात यह थी कि मुझे इस किरदार के अलग-अलग शेड्स दिखाने का मौका मिला फिर चाहे वो उसका ह्यूमर और अजीबोगरीब हरकतें हों, या फिर अतीत से जुड़ी वह नरमी और भावनाएं। चंद्रमोहन कई परतों वाला किरदार है और इसके हर एक रूप को पर्दे पर उतारने में मुझे वाकई बहुत आनंद आया।”

सोनी आठ और Sony LIV पर 23 नवंबर को शाम 6:30 बजे से शुरू हो रहे शो ‘भूत गिन्नी जि़लिपिलता फ्रॉम 1942’ में कंचन मल्लिक को चंद्रमोहन पात्राशी के रूप में देखना न भूलें।
