
कोलकाता, 10 जून: कला और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्विंकल स्टार वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से साउथ सिटी मॉल के सामने स्थित चारुबासना आर्ट गैलरी में “आर्ट एंड क्राफ्ट एग्जीबिशन कम सेल” का आयोजन शुरू किया गया है। बुधवार को प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह प्रदर्शनी आगामी 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में संस्था के कलाकारों और शिल्पकारों द्वारा तैयार की गई विभिन्न प्रकार की चित्रकलाएं, हस्तनिर्मित कलाकृतियां, आकर्षक सजावटी सामग्री, क्राफ्ट आइटम तथा अन्य रचनात्मक कला कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। साथ ही, यह कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपने उत्पादों की बिक्री का महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करेगी।
आयोजकों के अनुसार, समाज में कला और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। प्रदर्शनी में शामिल कलाकारों की कृतियों में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सौंदर्यपरक विचारों की झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी।
उद्घाटन समारोह में किया सिन्हा, शुभमय बसु, डॉ. अर्णव गुप्ता, संस्था की प्रिंसिपल शिवानी मित्रा दलाल तथा दीपांजलि देव सहित कला और संस्कृति जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थीं। सभी ने इस प्रकार की पहल की सराहना करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों से कलाकारों का समर्थन करने का आह्वान किया।

आयोजकों ने आम जनता, कला प्रेमियों और कला संग्रहकर्ताओं को प्रदर्शनी में आकर कलाकारों की कृतियों को देखने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि इस सांस्कृतिक आयोजन के सह-प्रायोजक के रूप में न्यूज नवभारत के स्वपन दास का विशेष सहयोग रहा है, जिसके कारण इस प्रदर्शनी का सफल आयोजन संभव हो सका है। आयोजकों को विश्वास है कि यह प्रदर्शनी कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश देने में सफल होगी। :::
