हावड़ा के बाली में भाजपा नेता मनोज सिंह के बेटे पर हमला, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट की घटना

Spread the love

हिन्दूकाल संवाददाता हावड़ा: के बाली इलाके में भाजपा के हावड़ा जिला एग्जीक्यूटिव कमिटी के सदस्य मनोज सिंह के बेटे पर हमले का मामला सामने आया है। देर रात हुई इस घटना में युवक के सिर पर चोट लगी है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।

मनोज सिंह के अनुसार, शाम करीब पांच बजे से कुछ लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर के आसपास बार-बार चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा जब बाहर से घर लौटा, उसी दौरान अचानक उस पर हमला कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। मनोज सिंह का दावा है कि पुलिस ने चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं। उन्होंने इस मामले की जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी दी है।

मनोज सिंह ने नवीन नामक युवक और उसके साथियों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि नवीन हाल ही में भाजपा में सक्रिय हुआ है और पहले हत्या के एक मामले में कई वर्षों तक जेल में रह चुका है। उन्होंने नवीन के युवा तृणमूल कांग्रेस के पूर्व हावड़ा जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा से करीबी संबंध होने का भी आरोप लगाया। मनोज सिंह ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, घटना को लेकर एक अन्य जानकारी के अनुसार, रास्ते से गुजरने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस विवाद में शामिल कुछ लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है।

बाली के विधायक संजय सिंह ने कहा कि उन्हें भी बीती रात घटना की जानकारी मिली थी। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top