हिन्दूकाल संवाददाता डोमजूर के बेगड़ी की घटना, पार्टी के नए कार्यकर्ता पर मारपीट का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
हावड़ा: रंगदारी का विरोध करने पर भाजपा के एक पुराने कार्यकर्ता की कथित तौर पर पार्टी में हाल ही में शामिल हुए एक कार्यकर्ता ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना मंगलवार को डोमजूर के बेगड़ी इलाके में हुई। घायल भाजपा कार्यकर्ता केष्टो नस्कर को गंभीर हालत में कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डोमजूर थाने की पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
राज्य में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में नए लोगों के शामिल होने का सिलसिला तेज हुआ है। आरोप है कि कई इलाकों में पार्टी में नए शामिल हुए कुछ कार्यकर्ता रंगदारी की गतिविधियों में लिप्त हो रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की ओर से बार-बार रंगदारी के खिलाफ सख्त संदेश दिए जाने के बावजूद ऐसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बाजार से घर लौटने के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता शिवशंकर मजूमदार ने केष्टो नस्कर पर हमला कर दिया। केष्टो जगतबल्लभपुर के चार नंबर मंडल के कोषाध्यक्ष हैं। उनका आरोप है कि दो दिन पहले इलाके की एक चाय की दुकान पर उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के रंगदारी के खिलाफ सख्त रुख का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने दो पार्टी कार्यकर्ताओं का नाम लेते हुए कहा था कि भाजपा के नाम पर इलाके में रंगदारी करने वालों को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उन पर हमला किया गया।
केष्टो का आरोप है कि मंगलवार को बाजार से घर लौटते समय शिवशंकर ने उन्हें रास्ते में गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी ने उनके चेहरे और नाक पर मुक्के मारे। हमले में वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद भी उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया। स्थानीय लोगों की मदद से पहले उन्हें डोमजूर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल भाजपा कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि रंगदारी के खिलाफ आवाज उठाने के कारण पार्टी में हाल ही में शामिल हुए शिवशंकर मजूमदार ने उन पर जानलेवा हमला किया।
वहीं, केष्टो के बड़े भाई श्यामल नस्कर ने बताया कि उनका पूरा परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा हुआ है। पहले भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथों उनके परिवार पर हमला हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवशंकर को इससे पहले इलाके में भाजपा की गतिविधियों में सक्रिय रूप से नहीं देखा गया था। रंगदारी का विरोध करने के कारण ही उनके भाई की पिटाई की गई है।
इस मामले में डोमजूर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
