हिन्दूकाल संवाददाता हावड़ा: बाजार में वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों को हो रही परेशानी को राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने स्वीकार किया। मंगलवार शाम को सालकिया के बांधाघाट के पास एक मंदिर में देव दीपावली के अवसर पर गंगा आरती करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि महंगाई केवल पश्चिम बंगाल की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे देश की समस्या है। इसके पीछे मांग और आपूर्ति की एक पूरी श्रृंखला काम करती है। बाजार के कुछ लोगों को गिरफ्तार करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इससे अनावश्यक हंगामा खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री महंगाई की समस्या पर नजर रख रहे हैं।
सिंगूर में उद्योग स्थापना को लेकर क्या कहा
सिंगूर में उद्योगों की स्थापना के सवाल पर स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि वहां की जमीन किसानों को वापस कर दी गई थी। अब उस जमीन का फिर से अधिग्रहण करना होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की अशोक लेलैंड कंपनी के साथ बातचीत हुई है। वहीं, शमिक भट्टाचार्य ने एक केमिकल कंपनी के साथ बातचीत की है। हम वहां कुछ उद्योग स्थापित करने के लिए इच्छुक हैं।
उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने सिंगूर की जमीन को लेकर उलझन पैदा कर दी थी। वे लोग उलझन पैदा करने में माहिर थे।
शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी पर टिप्पणी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले में विदेश मंत्रालय ही जवाब दे सकता है।
