दो महीने में दूसरी बार हाउसिंग सोसाइटी में घुसपैठ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; रात में गश्त बढ़ाने की मांग

23 नवंबर, हावड़ा: आमतौर पर चोर रिहायशी इमारतों में सोना-चांदी, नकदी या महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराने के इरादे से घुसते हैं, लेकिन हावड़ा में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां चोरों ने किसी कीमती आभूषण या इलेक्ट्रॉनिक सामान पर नहीं, बल्कि जूते-चप्पलों पर हाथ साफ किया। शिवपुर थाना अंतर्गत हैप्पी गार्डन हाउसिंग सोसाइटी के करीब 40 फ्लैटों के बाहर रखे महंगे जूते-चप्पल चोर दो बैग में भरकर ले गए। चोरी किए गए जूते-चप्पलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना 22 नवंबर की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। बताया जाता है कि चोरों ने सोसाइटी परिसर में प्रवेश करने के लिए उत्तर-पूर्व दिशा में बनी चारदीवारी फांदने का रास्ता चुना। मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन उन्हें इस घुसपैठ की भनक तक नहीं लगी। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोरों के परिसर में प्रवेश करने की जानकारी सामने आई।
घटना के बाद हाउसिंग सोसाइटी के निवासियों ने शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि पिछले दो महीने के भीतर इस सोसाइटी में घुसपैठ की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। राज्य सचिवालय नवान्न से महज कुछ दूरी पर स्थित इस हाउसिंग सोसाइटी में हुई इस अनोखी चोरी की घटना को लेकर निवासियों के बीच चिंता का माहौल है। वही इस घटना में हावड़ा सिटी पुलिस जांच में जुट गई है सीसीटीवी के आधार पर।

