हिन्दूकाल संवाददाता
हावड़ा: कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास चलने वाली पारंपरिक घोड़ागाड़ियों की सवारी का आनंद देश-विदेश से आने वाले पर्यटक लंबे समय से उठाते रहे हैं। लेकिन अब आने वाले समय में इस परंपरा में बदलाव देखने को मिल सकता है। घोड़ों को शारीरिक कष्ट से बचाने के उद्देश्य से इन घोड़ागाड़ियों की जगह बैटरी से चलने वाली आधुनिक और आकर्षक गाड़ियां लाने की योजना है।
हावड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि बेजुबान जानवरों से अब काम नहीं लिया जाना चाहिए। उनकी भी देखभाल और सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जानवरों में भी जान होती है और वे भी दर्द तथा तकलीफ महसूस करते हैं। इसलिए उन्हें शारीरिक कष्ट देकर काम करवाना उचित नहीं है।
मंत्री ने संकेत दिया कि आने वाले समय में विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास घोड़ों से चलने वाली गाड़ियों की जगह बैटरी चालित सुंदर और आधुनिक गाड़ियां लाई जाएंगी। इससे पर्यटकों को पहले की तरह सवारी का आनंद मिलेगा और बेजुबान जानवरों को भी राहत मिल सकेगी।
यदि यह योजना लागू होती है तो कोलकाता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास वर्षों से चली आ रही घोड़ागाड़ी की सवारी की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
