हावड़ा में गणशक्ति बोर्ड को लेकर भाजपा और माकपा के बीच तनाव, जमकर हुई नारेबाजी

Spread the love

हावड़ा: चटर्जीहाट थाना क्षेत्र में गणशक्ति बोर्ड के रंग और कब्जे को लेकर भाजपा एवं माकपा कार्यकर्ताओं के बीच तनाव का माहौल देखने को मिला। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे स्थित गणशक्ति बोर्ड के आसपास लगे माकपा के झंडे हटाकर वहां भाजपा के झंडे लगा दिए थे। साथ ही बोर्ड का रंग लाल से बदलकर भगवा कर दिया गया था।

इसके विरोध में बुधवार रात माकपा कार्यकर्ता समूह में मौके पर पहुंचे और बोर्ड को दोबारा लाल रंग से रंगकर उस पर गणशक्ति का बोर्ड लगा दिया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चटर्जीहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, घटना के बाद भी इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

गौरतलब है कि दुर्गापूजा के दौरान इसी स्थान पर माकपा के पुस्तक स्टॉल में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप भाजपा पर लगा था। अब एक बार फिर उसी स्थान पर गणशक्ति बोर्ड को लेकर दोनों दलों के बीच विवाद सामने आया है।


Spread the love

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top