₹71,204 की कफ सिरप बरामद, मुंबई मेल से संबलपुर ले जाने की थी तैयारी

हिन्दूकाल संवाददाता
हावड़ा: रेलवे में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत आरपीएफ और सीआईबी हावड़ा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच अभियान के दौरान हावड़ा रेलवे स्टेशन से 350 बोतल विन्सेरेक्स कफ सिरप बरामद की गई। बरामद सिरप की अनुमानित कीमत 71,204 रुपये बताई गई है। इस मामले में ओडिशा के संबलपुर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
स्टेशन के नॉर्थ कॉनकोर्स और सबवे में पकड़े गए संदिग्ध
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, हावड़ा रेलवे स्टेशन के पुराने परिसर में आरपीएफ/सीआईबी हावड़ा ने आरपीएफ सेंट्रल पोस्ट और डॉग स्क्वॉड के सहयोग से विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान स्टेशन के नॉर्थ कॉनकोर्स और सबवे क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़े।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कासिम (32) और राहुल तुपाकी (29) के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा के संबलपुर के निवासी हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 15 की ओर जा रहे थे और उन्हें ट्रेन संख्या 12810 अप मुंबई मेल से यात्रा करनी थी।
बैग की तलाशी में मिलीं 350 बोतलें
संदेह के आधार पर दोनों युवकों के बैकपैक और ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। इस दौरान विन्सेरेक्स कफ सिरप की कुल 350 बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा, आरोपियों के पास से ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी मिले।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कफ सिरप की इस खेप को मुंबई मेल के जरिए संबलपुर ले जाने की तैयारी थी। हालांकि, सिरप की आपूर्ति के स्रोत और इसके परिवहन के पीछे के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है।
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हावड़ा जीआरपीएस के हवाले कर दिया गया। मामले में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद कफ सिरप के स्रोत, संभावित नेटवर्क और खेप को संबलपुर ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
